भोपाल में बीजेपी पर आग बबूला हुए राज बब्बर,बोले राम सबके,हम भी जाएंगे अयोध्या
भोपाल में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व सांसद राज बब्बर
भोपाल। मध्य प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मतदान में अब महज दो दिनों का ही समय शेष रह गया है। बचे हुए दिनों में बीजेपी और कांग्रेस दोनो ही दल एड़ी चोटी का जोर लगाते हुए नजर आ रहे हैं। दोनों ही सियासी दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। चुनाव प्रचार के लिए मध्य प्रदेश पहुंचे कांग्रेस के पूर्व सांसद और फिल्म अभिनेता राज बब्बर ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के मतदाता पर्चियों के साथ राम मंदिर के आमंत्रण बांटने पर बीजेपी सरकार के खिलाफ निशाना साधा। राज बब्बर ने कहा कि राम सबके हैं। वह हमें आमंत्रण ना दें तब भी हम जाएंगे। हम दर्शन करने जाएंगे तो वे क्या कर लेंगे। क्या भगा देंगे राम सबके हैं। उन्होंने कहा कि राम का कोई इनविटेशन बांट रहा है। कोई आदमी बुद्धू नहीं है कि भगवान राम के यह आमंत्रण बांटे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हनुमान का सबसे बड़ा भक्त कमलनाथ है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अयोध्या के राम मंदिर के लोकार्पण में जाएंगे इस सवाल पर कहा कि क्या आप सोचते है कि हम लोग सनातनी नहीं हैं। हम लोग सनातनी है।
मध्य प्रदेश में 70 प्रतिशत कुपोषण का कलंक लेकर घूम रहे शिवराज
बाल दिवस के दिन भोपाल के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज बब्बर ने कहा कि आज बाल दिवस का दिन है। और आज के दिन सभी बच्चे पंडित जवाहरलाल नेहरू की वेशभूषा में नजर आते थे। स्कूलों में हमें अच्छा खाना और मिठाईयां मिलती थी। लेकिन आज दुर्भाग्य है कि इस प्रदेश में 70 प्रतिशत बच्चे कुपोषण के शिकार है। 18 साल के मुख्यमंत्री कहते है कि कुपोषण माथे पर कलंक है। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी जनता सोचती थी कि भाजपा की सरकार ना आएं। लेकिन वह गलत तरीके से सरकार बनाकर दोबारा कुपोषण का कलंक लेकर घुम रहे है। इस बार फिर जनता ने सरकार बदलने की ठान ली है। इस बार कांग्रेस के दोगुने विधायक जीत कर आ रहे हैं।
डबल इंजन को बताया दुर्भाग्य की बात
मध्य प्रदेश के चुनावी समर में दोनों ही सियासी दलों के नेताओं के बीच जमकर आरोप प्रत्यारोप का दौरा चल रहा है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी को मनोरंजन का साधन बताया है जिस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि मुझे ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करने वाला बहुत गंभीर नहीं लगता है। क्योंकि उन्हें वही समझ नहीं आ रहा है कि वही अपनी बुराई खुद ही कर रहे हैं। वह शिवराज सिंह चौहान को इंजन बता रहे हैं। यदि शिवराज जी इंजन है तो दुर्भाग्य की बात हैं।